सुखी बराड़ ने संगीत नाटक अकादमी, चंडीगढ़ का चेयरपर्सन पद संभाला
चंडीगढ़: पंजाब की सुप्रसिद्ध लोक गायिका एवं सांस्कृतिक धरोहर की सशक्त पहचान सुखमिंदर कौर बराड़, जिन्हें सुखी बराड़ (पंजाब कौर) के नाम से जाना जाता है, को चंडीगढ़ प्रशासन के संस्कृति विभाग द्वारा संगीत नाटक अकादमी, चंडीगढ़ की चेयरपर्सन नियुक्त किया गया है।
आज सुखी बराड़ ने संगीत नाटक अकादमी, चंडीगढ़ के कार्यालय में अपने पद का कार्यभार औपचारिक रूप से संभाल लिया। इस अवसर पर प्रख्यात गीतकार एवं प्रस्तुतकर्ता भट्टी भड़ीवाला ने जानकारी देते हुए बताया कि यह सम्मान उन्हें पंजाबी भाषा, साहित्य, संस्कृति, विरासत और लोक परंपराओं के संरक्षण एवं प्रचार–प्रसार में दिए गए उनके अतुलनीय योगदान को देखते हुए प्रदान किया गया है।
पिछले चार दशकों से सुखी बराड़ निरंतर पंजाब, पंजाबी भाषा, पंजाबी पहचान और लोक संस्कृति की सेवा कर रही हैं। वे ग्रामीण वेशभूषा, लोक बोलियों, लोक कथाओं, लोक वाद्य यंत्रों और पंजाब की समृद्ध विरासत की जीवंत प्रतीक मानी जाती हैं।
संगीत नाटक अकादमी, चंडीगढ़ की चेयरपर्सन के रूप में उनकी नियुक्ति समस्त पंजाबियों के लिए गर्व का विषय है।
इस विशेष अवसर पर सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं फिल्म जगत की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियां उपस्थित रहीं, जिनमें दीपक मनमोहन, बाई हरदीप, पम्मी बाई, पीटर सोढ़ी, फिल्म एवं थिएटर कलाकार अनीता स्वदेश, मलकीत रौणी, गुरमीत सिंह जोरा, संगीत निर्देशक दीपक वैद, परमजीत पम्मी, ऋषि राज तोमर, सतीश अवस्थी, आर.डी. कलेर, सुरेश गोयल, दीपक बत्रा, कंवर जगमोहन, राजेंद्र सिंह धीमान, फिल्म निर्माता बाजवा सिंह, परमिंदर जीत सिंह, तथा सरताज सिंह सहित अनेक कलाकार शामिल थे, जिन्होंने उन्हें शुभकामनाएं एवं बधाइयाँ दीं।
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →