हरियाणा में बदला मौसम का मिजाज: 6 जिलों में बारिश का अलर्ट, 8 जिलों में तेज हवाओं की संभावना
बाबूशाही ब्यूरो
चंडीगढ़, 12 मई।: हरियाणा में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। सोमवार को मौसम विभाग ने राज्य के 6 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, 8 जिलों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। राज्य के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
बारिश और आंधी का अलर्ट
रविवार को प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव देखा गया। तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि हुई। कुछ क्षेत्रों में आंधी भी चली, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। मौसम विभाग के अनुसार, 12 मई को पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, यमुनानगर और करनाल में बारिश की संभावना है। वहीं, 13 मई को पंचकूला, यमुनानगर और अंबाला में फिर से बारिश होने का पूर्वानुमान जताया गया है।
रोहतक सबसे गर्म, तापमान 40.4 डिग्री पहुंचा
मौसम विभाग ने आगामी चार दिनों का पूर्वानुमान भी जारी किया है। मंगलवार से प्रदेश का मौसम सामान्य रहने की संभावना है। रविवार को अधिकतम तापमान में 3.9 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, लेकिन फिर भी रोहतक राज्य का सबसे गर्म जिला रहा। यहां का अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस मापा गया।
चंडीगढ़ में सुबह खिली धूप, रात में चली तेज हवाएं
चंडीगढ़ में सोमवार की सुबह खिली धूप के साथ शुरू हुई, जबकि रविवार को हल्की धूप और बादलों की लुकाछिपी देखने को मिली। दिन का तापमान 40 डिग्री के करीब रहा, लेकिन रात को तेज हवाओं के कारण हल्की ठंडक का अहसास हुआ। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी चंडीगढ़ में मौसम के बदलते मिजाज की संभावना जताई है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →