हिसार से चंडीगढ़ और सातरोड से गुरुग्राम के लिए सीधी रेल सेवा का शुभारंभ
बाबूशाही ब्यूरो
हिसार, 17 मई 2025: हरियाणा के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। कल, 17 मई 2025 को हिसार से चंडीगढ़ और सातरोड से गुरुग्राम के लिए दो नई सीधी रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाई जाएगी। यह ऐतिहासिक कार्यक्रम दोपहर 1:30 बजे हिसार रेलवे स्टेशन पर आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में विधायक सावित्री जिंदल और कुरुक्षेत्र के सांसद नवीन जिंदल संयुक्त रूप से इन दोनों ट्रेनों को रवाना करेंगे।
यह पहल हरियाणा, विशेषकर हिसार के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है, क्योंकि 1966 में हरियाणा बनने के बाद पहली बार हिसार को राजधानी चंडीगढ़ से सीधी ट्रेन कनेक्टिविटी मिलने जा रही है।
विधायक सावित्री जिंदल दिखाएंगी हरी झंडी
हिसार से चंडीगढ़ सीधी ट्रेन सेवा की यह सौगात विधायक सावित्री जिंदल और सांसद नवीन जिंदल की लगातार कोशिशों का परिणाम है। दोनों जनप्रतिनिधियों ने केंद्र सरकार और रेलवे मंत्रालय के सामने इस मांग को बार-बार प्रमुखता से उठाया। उनकी इस प्रतिबद्धता का परिणाम अब सामने आ रहा है, जिससे हिसार के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
विधायक सावित्री जिंदल ने कहा, "यह सिर्फ एक रेल सेवा नहीं, बल्कि हिसार के सपनों को राजधानी से जोड़ने वाली एक मजबूत कड़ी है। हमने लंबे समय से इस दिन का इंतजार किया है।"
हिसार से चंडीगढ़ की दूरी होगी कम
सांसद नवीन जिंदल ने इस ऐतिहासिक कदम पर अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि इस रेल लिंक से हिसार और चंडीगढ़ के बीच न केवल दूरी कम होगी, बल्कि शिक्षा, चिकित्सा और व्यापार के क्षेत्र में भी नए अवसर खुलेंगे। उनके अनुसार, यह सेवा लाखों लोगों को लाभ पहुंचाएगी और हिसार के विकास को गति देगी।
हिसार के लोगों में इस नई रेल सेवा को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है। स्थानीय व्यापारियों और छात्रों ने इसे एक महत्वपूर्ण पहल बताया है, जो भविष्य में आर्थिक और सामाजिक प्रगति के नए द्वार खोलेगी।""
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →