रिश्वतखोरी के आरोप में निरीक्षक हरबंस व उप निरीक्षक सोनू गिरफ्तार
रमेश गोयत
चंडीगढ़, 16 मई।
एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) हिसार की टीम ने आज, 16 मई 2025 को बड़ी कार्रवाई करते हुए सहकारी समिति, हिसार के निरीक्षक हरबंस और उप निरीक्षक सोनू को 30,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। यह गिरफ्तारी आई.जी. चौक, हिसार से की गई। दोनों के खिलाफ अभियोग संख्या 17, धारा 7 पी.सी. एक्ट, 1988 के तहत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, हिसार थाने में मामला दर्ज किया गया है। इस कार्रवाई में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 105 का भी पालन किया गया।
क्या है मामला?
शिकायतकर्ता ने एसीबी हिसार को दी अपनी शिकायत में बताया कि उसके पिता के नाम से 120 गज का मकान फ्रेंड्स कॉलोनी, हिसार में पंजीकृत है। वर्ष 2022 में उनके पिता की मृत्यु के बाद, उन्होंने मकान का स्थानांतरण अपनी माता के नाम करवाने के लिए कोऑपरेटिव हाउस बिल्डिंग सोसायटी, हिसार में फाइल लगाई थी।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि मकान का कार्ड उनकी माता के नाम पर स्थानांतरण करने की एवज में निरीक्षक हरबंस द्वारा 30,000 रुपये की रिश्वत मांगी गई। निरीक्षक हरबंस के कहने पर उप निरीक्षक सोनू ने यह राशि स्वीकार की, जिस पर एसीबी ने जाल बिछाते हुए दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
एसीबी की अपील:
एसीबी प्रमुख ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी सरकारी काम के बदले रिश्वत मांगता है, तो भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, हरियाणा के टोल फ्री नंबर 1800-180-2022 और 1064 पर इसकी सूचना दी जा सकती है।
एसीबी की इस सख्त कार्रवाई से सरकारी विभागों में व्याप्त भ्रष्टाचार पर नकेल कसने की उम्मीद है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →