हेलिकॉप्टर हादसे के बाद केदारनाथ के लिए हेली सेवाएं फिर से शुरू, लेकिन कैसे होंगे नए इंतजाम?
महक अरोड़ा
17 जून 2025 : केदारनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत की खबर आई है। केदारनाथ के लिए हेली सेवाएं मंगलवार से फिर से शुरू हो रही हैं। यह फैसला मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आदेशों के बाद लिया गया, जिन्होंने रविवार को हुए हेलिकॉप्टर हादसे के बाद हेली सेवाओं पर रोक लगा दी थी। हादसे में पायलट समेत सात यात्रियों की जान चली गई थी।
सोमवार शाम को सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने हेली सेवाओं की फिर से शुरुआत की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि सभी हेली ऑपरेटरों को सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने के आदेश दिए गए हैं। इसके अलावा, डीजीसीए द्वारा तय किए गए दिशा-निर्देशों के अनुसार उड़ान भरने के लिए हेली कंपनियों को निर्देशित किया गया है।
यूकाडा की मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोनिका ने भी बताया कि, “मंगलवार से केदारनाथ के लिए हेली सेवाएं पुनः शुरू हो जाएंगी।” इसके अलावा, सुरक्षा के दृष्टिकोण से पायलटों को हिमालयी इलाकों में उड़ान भरने का अनुभव रखने वालों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षा निर्देशों पर कड़ी नजर
सूचना महानिदेशक के मुताबिक, हेली कंपनियों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि वे मौसम की सही जानकारी लें और निर्धारित टाइम स्लॉट के अनुसार ही सेवाओं का संचालन करें। यदि कोई हेली ऑपरेटर इन नियमों का उल्लंघन करता पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस पुनः संचालन से केदारनाथ यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं को यात्रा में सुविधा और सुरक्षा का अनुभव होगा, जबकि हेली सेवाओं के संचालन में सुरक्षा के मानकों का पूरी तरह से पालन किया जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →