Himachal News: किसानों से गेहूं-कच्ची हल्दी-जौ खरीदेगी सरकार, आत्मा परियोजना अधिकारियों के पास जमा होंगे फॉर्म
प्रदेश में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर जोर, किसानों की आर्थिकी में होगा सुधार
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला, 03 मई 2025 : ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए प्रदेश सरकार कृषि क्षेत्र पर विशेष बल दे रही है। प्रदेश के किसानों की आर्थिकी में सुधार और उन्हें उनकी उपज का सही दाम मिले इसके लिए प्रदेश सरकार प्राकृतिक खेती से उत्पादित गेहूं, मक्की, कच्ची हल्दी और जौ फसलों पर देश में सबसे अधिक न्यूनतम समर्थन मूल्य दे रही है।
किसानों को रसायनों के बिना कम लागत वाली प्राकृतिक खेती के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए योजना के तहत प्रदेश में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य प्रदेश में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना, किसानों को जागरूक करना और पर्यावरण अनुकूल टिकाऊ कृषि पद्धतियों को प्रोत्साहित करना है।
इस अभियान के दौरान सरकार प्राकृतिक खेती पद्धति से उत्पादित गेहूं और कच्ची हल्दी की सरकारी खरीद प्रक्रिया को शुरू कर रही है।
इसके अलावा पांगी क्षेत्र के प्राकृतिक खेती किसान-बागबानों द्वारा उत्पादित जौ की खरीद के लिए भी फॉर्म भरने शुरू किए गए हैं। इसके अंतर्गत किसानों को उनकी उपज के लिए देशभर में सबसे अधिक समर्थन मूल्य प्रदान किया जाएगा। प्राकृतिक खेती से उत्पादित गेहूं 60 रुपए प्रति किलोग्राम और कच्ची हल्दी 90 रुपए प्रति किलोग्राम की दर से खरीदी जाएगी। इस अभियान के दौरान प्राकृतिक खेती किसान गेहूं और कच्ची हल्दी के विक्रय के लिए फॉर्म भरकर कृषि विभाग की आत्मा परियोजना के अधिकारियों के पास जमा करवा सकते हैं। (SBP)
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →