चंडीगढ़ बना नशा मुक्ति का संदेशवाहक: 'वॉक फॉर ड्रग फ्री चंडीगढ़' में हजारों लोगों ने लिया भाग
बाबूशाही ब्यूरो
चंडीगढ़, 3 मई: चंडीगढ़ के सेक्टर-17 स्थित तिरंगा पार्क में आज 'नशा मुक्त चंडीगढ़ अभियान' के तहत एक भव्य कार्यक्रम 'वॉक फॉर ड्रग फ्री चंडीगढ़' का आयोजन किया गया। इस जन-जागरूकता कार्यक्रम में पंजाब और हरियाणा के शीर्ष नेता, खिलाड़ी और हजारों नागरिकों ने एकजुट होकर नशे के खिलाफ संदेश दिया।
कार्यक्रम की अगुवाई करते हुए पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने कहा, "नशा मुक्ति के लिए लंबे समय से प्रयास हो रहा है। मेरी कोशिश रही है कि यह एक जन-अभियान बने। आज ओलंपिक खिलाड़ी, सांसद, दोनों राज्यों के मुख्यमंत्री और राज्यपाल भी इसमें शामिल होकर इस मुहिम को मजबूती दे रहे हैं।"
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा, "स्वस्थ शरीर ही विकसित भारत की नींव है। प्रधानमंत्री मोदी के विजन के अनुरूप युवाओं को नशा छोड़कर राष्ट्रनिर्माण में जुटना चाहिए।"
कार्यक्रम में हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा, विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण और हरियाणा भाजपा अध्यक्ष मोहनलाल बडौली भी मंच पर उपस्थित रहे।
हजारों की संख्या में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की भागीदारी ने यह दर्शाया कि चंडीगढ़ नशा मुक्त भारत के संकल्प में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →