हरियाणा में मानसून की दस्तक तेज़, 8 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट — चंडीगढ़ में लगातार तीसरे दिन झमाझम बारिश
रमेश गोयत
चंडीगढ़, 30 जून: हरियाणा में मानसून पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने सोमवार को पूरे हरियाणा में बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि 8 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, जींद, पानीपत और सोनीपत में अगले 24 घंटे में मूसलधार बारिश की संभावना जताई गई है।
चंडीगढ़ में भी मौसम सुहावना बना हुआ है, लेकिन उमस से लोग हलकान हैं। शनिवार से लगातार बारिश हो रही है, जिससे तापमान में गिरावट आई है और गर्मी से राहत मिली है। सोमवार को भी सुबह से रुक-रुक कर बारिश होती रही। मौसम विभाग का अनुमान है कि अभी कुछ दिन और बारिश जारी रहेगी।
बारिश बनी राहत भी और मुसीबत भी
जहां बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी है, वहीं कई जिलों में नुकसान भी देखने को मिला।
यमुनानगर: भारी बारिश से सोमनदी ओवरफ्लो होकर सड़क पर बह निकली, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।
कुरुक्षेत्र: एक घर की छत गिरने से महिला की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
फरीदाबाद: बिजली की तार टूटकर सड़क पर गिर गई। स्कूटी सवार दो महिलाएं इसकी चपेट में आ गईं। एक महिला की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से झुलस गई।
हिसार में तापमान सामान्य से 7 डिग्री कम
हिसार में अधिकतम तापमान 36.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 7 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 28.5 डिग्री रहा। हवा में 81% नमी के कारण दिन भर उमस बनी रही। हालांकि दोपहर बाद सिटी एरिया में अलग-अलग इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। शाम 5:30 बजे तक शहर में 2 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
आगे क्या?
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटे तक प्रदेश के कई हिस्सों में रुक-रुक कर तेज़ बारिश जारी रहने की संभावना है। जलभराव और बिजली से संबंधित हादसों से बचाव के लिए प्रशासन ने सतर्क रहने की अपील की है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →