हरियाणा में मानसून का कहर: येलो अलर्ट जारी, 5 जुलाई तक भारी बारिश की चेतावनी
बाबूशाही ब्यूरो
चंडीगढ़, 01 जुलाई। हरियाणा में रुक-रुक कर हो रही बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राज्य में येलो अलर्ट जारी किया है और 5 जुलाई तक भारी बारिश की संभावना जताई है। लगातार हो रही बारिश के कारण जगह-जगह जलभराव की स्थिति बन गई है। खासकर शहरी क्षेत्रों में स्कूल खुलने के पहले ही दिन सड़कों पर पानी भरने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
⚠️ इन जिलों में तेज बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने बताया है कि पंचकूला, चरखी दादरी, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात और पलवल जिलों में आज तेज बारिश हो सकती है। इसके साथ ही 30 से 40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं, बिजली गिरने और मेघगर्जन की भी चेतावनी दी गई है।
?️ बारिश की ताजा स्थिति:
मंगलवार सुबह पानीपत, सोनीपत, झज्जर और जींद में बारिश दर्ज की गई। अंबाला और करनाल में बादल छाए हुए हैं और बारिश की संभावना बनी हुई है। 3 जुलाई तक गरज-चमक के साथ वर्षा जारी रहेगी।
?️ तापमान में गिरावट:
बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई है। सोमवार को सिरसा सबसे गर्म जिला रहा जहां अधिकतम तापमान 38°C रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे अधिक वर्षा चरखी दादरी में 45.5 मिमी हुई। अधिकांश जिलों में दिन का तापमान 28°C से 30°C और रात का तापमान 23°C से 27°C के बीच रहा।
?️ मानसून की एंट्री और दबाव तंत्र:
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्र मोहन ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अब पश्चिम बंगाल, ओडिशा और झारखंड की ओर बढ़ रहा है। अगले दो दिनों में यह सिस्टम उत्तर-पश्चिम भारत की ओर बढ़ेगा और हरियाणा-एनसीआर क्षेत्र में अधिक बारिश कराएगा। 3 जुलाई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मानसून टर्फ हरियाणा और दिल्ली एनसीआर पर बनी रहेगी, जिससे लगातार बारिश की संभावना है।
? मानसून में अब तक 4 मौतें:
बारिश का कहर जानलेवा भी साबित हुआ है। अब तक हरियाणा में 4 लोगों की मौत हो चुकी है—
- नूंह: मकान गिरने से एक बच्ची की मौत, 3-4 लोग घायल
- कुरुक्षेत्र: छत गिरने से महिला की मौत, दंपती घायल
- फरीदाबाद: करंट लगने से महिला की मौत
- पंचकूला: नाले में बहने से बच्ची की मौत
सावधानी जरूरी:
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि जलभराव वाली जगहों से बचें, बिजली के खंभों और खुले तारों के पास न जाएं, और मौसम अपडेट पर नजर रखें।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →