72 करोड़ गबन केस में बड़ा खुलासा: HSVP के सीनियर अकाउंट्स अफसर सहित 4 आरोपी पांच दिन के पुलिस रिमांड पर
रमेश गोयत
चंडीगढ़, 3 जुलाई 2025:
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP), पंचकूला में 72 करोड़ रुपये के गबन मामले में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV & ACB), पंचकूला को बड़ी सफलता मिली है। ब्यूरो की टीम ने आज चार आरोपियों—विजय कुमार (पुत्र फकीर चंद), मनोज कुमार सिंगला (पुत्र तरसेम चंद), सुनील गर्ग (पुत्र शीशपाल) और मुख्य आरोपी सुनील बंसल (सीनियर लेखा अधिकारी, HSVP)—को जिला जेल, अंबाला से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पंचकूला न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने चारों को 5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
आरोपियों के बैंक खातों में करोड़ों की लेन-देन
जांच के दौरान यह सामने आया कि:
- मनोज कुमार सिंगला के बैंक खाते में लगभग ₹7 करोड़,
- सुनील गर्ग के खाते में करीब ₹5.88 करोड़,
- विजय कुमार के खाते में लगभग ₹5 करोड़ की राशि ट्रांसफर हुई।
सभी ट्रांजेक्शन पंजाब नेशनल बैंक, मनीमाजरा (चंडीगढ़) की शाखा के बैंक खाता संख्या 1183002100026639 से ट्रांसफर किए गए, जिसकी कुल राशि ₹17.88 करोड़ पाई गई है।
दो निजी कंपनियों में भी फंड ट्रांसफर
आरोपियों की दो प्राइवेट कंपनियां—Certain Future Solutions Pvt Ltd. और Fabulous Future Pvt Ltd.—के एचडीएफसी बैंक (शाखा ज़ीरकपुर) खातों में भी करीब ₹4 करोड़ की संदिग्ध राशि ट्रांसफर होना पाया गया है।
बैंक और HSVP के अन्य अधिकारी भी जांच के घेरे में
ACB ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस घोटाले की तह तक जाने के लिए HSVP के अन्य अधिकारियों/कर्मचारियों और पंजाब नेशनल बैंक, मनीमाजरा के तत्कालीन ब्रांच मैनेजर व अन्य बैंक कर्मियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
आगे की पूछताछ से और बड़े खुलासों की उम्मीद जताई जा रही है।
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →