हरियाणा में मानसून सक्रिय: अगले चार दिन गरज-चमक के साथ बारिश के आसार
बाबूशाही ब्यूरो
चंडीगढ़, 3 जुलाई – हरियाणा में आगामी चार दिनों (3 से 6 जुलाई) तक मौसम में बदलाव की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), चंडीगढ़ के अनुसार, बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आ रही नम मानसूनी हवाओं के साथ-साथ राजस्थान में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
85.6 मिमी बारिश, सामान्य से 41% अधिक
इस साल मानसून की समय से पहले शुरुआत के कारण राज्य में अब तक औसतन 85.6 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य 60.7 मिमी से 41% अधिक है। यमुनानगर में सर्वाधिक 324.1 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि फरीदाबाद में सबसे कम 29.4 मिमी बारिश हुई।
इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
3 जुलाई: अंबाला, यमुनानगर, करनाल में 50-75% बारिश की संभावना; पंचकूला, कुरुक्षेत्र में 25-50%; अन्य जिलों में 25% तक।
4 जुलाई: यमुनानगर, पलवल, मेवात, गुरुग्राम, फरीदाबाद, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी में 50-75% संभावना।
5-6 जुलाई: पंचकूला, यमुनानगर, अंबाला और कुरुक्षेत्र में 75-100% बारिश की संभावना।
तापमान में उछाल
बुधवार को प्रदेश के अधिकतम तापमान में औसतन 2.9 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई। सिरसा सबसे गर्म रहा, जहां पारा 37.4 डिग्री तक पहुंचा। अंबाला में 24 घंटे में 5.3 डिग्री की सबसे तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई।
कृषि विशेषज्ञों की सलाह
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के मौसम विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने किसानों को सलाह दी है कि वे वर्षा की स्थिति को देखते हुए फसल बोआई और सिंचाई की योजना बनाएं। उनका कहना है कि आगामी दिनों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
सावधानी जरूरी: बिजली कड़कने और तेज हवाओं के चलते नागरिकों को खुले स्थानों में जाने से बचने और मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →