Plane Crash Tragedy: बेटी के सपनों को उड़ान देने चला था गरीब पिता पर नियति को मंजूर कुछ और था
अहमदाबादः अहमदाबाद विमान हादसे से पूरी दुनिया सदमे में है। क्षण भर में कई परिवारों की खुशियां मातम में बदल गई। इस हादसे में एक पिता और उनकी बेटी के सपने बिखर गए। बेटी पायल लंदन में पढ़ना चाहती थी। ऑटो चालक पिता ने उसके सपने को पूरा करने के लिए लोन लिया था। लेकिन हादसे में बेटी और उनके अरमान सब टूट गए। गुजरात के सांबरकांठा के रहने वाले सुरेश खटीक की बेटी पायल भी लंदन जा रहे एअर इंडिया के विमान में सवार थी। हादसे में सुरेश की बेटी पायल की भी मौत हुई है।
सुरेश के रिश्तेदार अशोक खटीक ने बताया कि पायल के परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है। सुरेश खटीक लोडिंग रिक्शा चलाकर अपना गुजारा करते हैं। पायल छात्रों को ट्यूशन पढ़ाकर परिवार का भरण-पोषण करती थी। वह एमटेक करना चाहती थी। सुरेश ने लंदन में उसकी शिक्षा का खर्च उठाने के लिए समुदाय और अन्य जगहों से ऋण लिया था। पायल ने फ्लाइट में बैठकर वीडियो कॉल भी किया था। जब हमें विमान दुर्घटना के बारे में पता चला, तो हम फिर से अहमदाबाद आए। हमारे डीएनए सैंपल लिए गए हैं। घटना के बाद से परिवार सदमे में है।
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →