Punjab Weather Update: गर्मी से मिली राहत, तापमान में 9 डिग्री की गिरावट, कई जिलों में तूफान का खतरा
महक अरोड़ा
पंजाब में मई की शुरुआत ने सभी को चौंका दिया है। जहां हर साल इस वक्त लू और चिलचिलाती धूप का कहर होता है, वहीं इस बार आसमान से राहत की बारिश बरस रही है। 5 मई को राज्य में औसतन तापमान मे 8.9°C की गिरावट दर्ज की गई, जो सामान्य से करीब 9°C नीचे है। अबोहर में सबसे अधिक तापमान 33.7°C रहा - और वह भी गर्मियों के लिहाज से बेहद कम।
यह बदलाव एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी प्रणालियों के कारण आया है। पिछले 24 घंटों में चंडीगढ़ के आसपास 20 मिमी, पठानकोट में 3 मिमी और पटियाला में 2.5 मिमी तक बारिश हुई है। हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाओं ने गर्मी से जूझते लोगों को अस्थायी राहत जरूर दी है, लेकिन खतरा अभी टला नहीं है।
मौसम विभाग ने यलो अलर्ट किया जारी
मौसम विभाग ने 6 से 9 मई तक राज्य में यलो अलर्ट जारी किया है। अमृतसर, होशियारपुर, नवांशहर, पठानकोट सहित कई जिलों में अगले चार दिन गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। विशेषज्ञों के मुताबिक, अगर ये मौसमी सिस्टम और मजबूत होता है, तो कुछ हिस्सों में भारी बारिश भी हो सकती है।
किन जिलों में कैसा रहेगा मौसम?
- अमृतसर: बादल छाए रहेंगे, हल्की से मध्यम बारिश संभव | तापमान: 23–34°C
- जालंधर: हल्के बादल और बौछारें | तापमान: 22–36°C
- लुधियाना: गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी | तापमान: 22–36°C
- पटियाला: बदलता मौसम, आंधी और बारिश की संभावना | तापमान: 21–35°C
- मोहाली: ठंडी हवाएं और बादलों की आवाजाही | तापमान: 22–36°C
क्या गर्मी से मिली राहत टिकेगी?
विशेषज्ञ मानते हैं कि अगर यह मौसमी ट्रेंड 8-10 मई तक जारी रहा, तो पंजाब के अधिकांश इलाकों में मई की शुरुआत अप्रत्याशित रूप से सुहानी हो सकती है। हालांकि, किसानों को फसलों के नुकसान और लोगों को बिजली गिरने से सावधान रहने की जरूरत है।
MA
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →