चंडीगढ़: जल विवाद पर हरियाणा-पंजाब में घमासान, BBMB में नई नियुक्ति, केंद्र ने हरियाणा को दिया राहत का आश्वासन
बाबूशाही ब्यूरो
चंडीगढ़, 01 मई 2025। हरियाणा और पंजाब के बीच जल विवाद एक बार फिर गहराता जा रहा है। भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड (BBMB) को लेकर सियासत तेज हो गई है। इसी बीच केंद्र सरकार ने BBMB में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए आकाशदीप सिंह की जगह संजीव कुमार को डायरेक्टर/NHP नियुक्त किया है। संजीव कुमार को डायरेक्टर वॉटर रेगुलेशन, बीबीएमबी नंगल का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। आकाशदीप सिंह को अब डायरेक्टर डेम सेफ्टी BBMB नंगल की जिम्मेदारी दी गई है।
भाखड़ा नंगल डैम पर पंजाब पुलिस की भारी तैनाती कर दी गई है। सुरक्षा के मद्देनज़र DIG स्तर के अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
मनोहर लाल ने अधिकारियों को तलब कर लिया फैसला
केंद्रीय ऊर्जा मंत्री और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हरियाणा को पानी न मिलने की शिकायत पर तुरंत संज्ञान लेते हुए BBMB अधिकारियों को रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए। इसके बाद बुधवार शाम आपात बैठक बुलाई गई, जिसमें हरियाणा को 8500 क्यूसेक पानी देने का निर्णय हुआ। हालांकि, पंजाब सरकार के प्रतिनिधियों ने इसका कड़ा विरोध किया, लेकिन हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान ने इस फैसले का समर्थन किया।
भगवंत मान ने पानी देने से किया इनकार
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने स्पष्ट कहा है कि हरियाणा को अतिरिक्त पानी नहीं दिया जाएगा, क्योंकि वह पहले ही अपने कोटे से अधिक पानी उपयोग कर चुका है। उन्होंने हरियाणा के दावे को "झूठ का पुलिंदा" बताया और कहा कि सैनी संवैधानिक पद पर बैठकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं।
हरियाणा में पानी संकट गहराया
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब द्वारा अचानक पानी आपूर्ति में कटौती को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि इससे राज्य के कई जिलों में जल संकट उत्पन्न हो गया है। उन्होंने पंजाब सीएम से अपील की है कि "मानवता के नाते पानी न रोका जाए।"
सियासी टकराव तेज
जहां केंद्र सरकार ने हरियाणा को राहत देने की कोशिश की है, वहीं पंजाब सरकार अपने रुख पर अडिग है। जल विवाद पर बढ़ती तल्ख़ी अब राजनीतिक टकराव में बदलती जा रही है। आने वाले दिनों में यह मुद्दा संसद से लेकर सड़कों तक गर्मा सकता है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →