Himachal Congress : विनय कुमार बन सकते हैं नए प्रदेश अध्यक्ष, हाईकमान और प्रदेश नेतृत्व के बीच बनी सहमति
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला, 17 जून 2025: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस संगठन में एक बड़े बदलाव की सुगबुगाहट तेज हो गई है। विधानसभा उपाध्यक्ष और वरिष्ठ पार्टी नेता विनय कुमार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व और प्रदेश इकाई के बीच उनके नाम पर आम सहमति बन चुकी है। सूत्रों के अनुसार, इस संबंध में अंतिम मुहर जल्द ही लग सकती है।
दिल्ली में डटे हैं विनय, कई अहम नेताओं से मुलाकात
नई जिम्मेदारी की सुगबुगाहट के बीच विनय कुमार इन दिनों दिल्ली में डटे हुए हैं। उन्होंने हाल ही में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात की। इसके अलावा, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल और खरगे के मुख्य राजनीतिक सलाहकार व राज्यसभा सांसद डॉ. सैयद नासिर हुसैन से भी उन्होंने बातचीत की। इन मुलाकातों को संगठनात्मक बदलाव की तैयारी से जोड़कर देखा जा रहा है।
जातीय संतुलन भी बना वजह
हिमाचल प्रदेश में राजनीतिक प्रतिनिधित्व में सामाजिक संतुलन बनाए रखने की रणनीति के तहत पार्टी हाईकमान विनय कुमार के नाम पर विचार कर रहा है। वे एससी वर्ग से ताल्लुक रखते हैं, जिससे पार्टी को सामाजिक आधार विस्तार की भी उम्मीद है। वर्तमान में श्री रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र से विधायक विनय कुमार पहले पार्टी के वर्किंग प्रेजिडेंट रह चुके हैं और वीरभद्र सरकार में सीपीएस (Chief Parliamentary Secretary) के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं।
मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री की भी सहमति
पार्टी सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री दोनों ने विनय कुमार के नाम पर अपनी सहमति दे दी है। यह स्पष्ट संकेत है कि शीर्ष नेतृत्व और संगठन, दोनों ही स्तर पर विनय कुमार को नेतृत्व सौंपने पर लगभग सहमत हो चुके हैं।
विनय कुमार बोले – "पार्टी का हर आदेश मेरे लिए सिर माथे पर"
विनय कुमार ने मीडिया से बातचीत में कहा, "पार्टी का हर फरमान मेरे लिए सिर माथे पर है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हमेशा मेरा सहयोग किया है और हॉलीलॉज (पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का निवास) का स्नेह हमेशा मेरे साथ रहा है। मैं संगठन में निर्विवाद हूं और सभी को साथ लेकर चलने में विश्वास रखता हूं। यदि मुझे कोई दायित्व सौंपा जाता है, तो मैं उस पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा।"
विधानसभा उपाध्यक्ष का पद होगा खाली, दावेदारों की कतार
यदि विनय कुमार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाया जाता है तो स्वाभाविक रूप से विधानसभा उपाध्यक्ष का पद खाली हो जाएगा। इस पद को भरने के लिए पार्टी में कई नामों की चर्चा चल रही है। संभावित दावेदारों में धर्मपुर से विधायक चंद्रशेखर, मनाली से भुवनेश्वर गौड़ और ज्वालामुखी से संजय रतन के नाम प्रमुखता से उभरकर सामने आए हैं। इन तीनों नेताओं में से किसी एक को नया उपाध्यक्ष बनाए जाने की संभावना जताई जा रही है। (SBP)
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →