Himachal: HRTC में भरे जाएंगे JOA IT के 171 पद, उपमुख्यमंत्री का ऐलान; कॉन्ट्रेक्ट पर लाए 78 पीस मील वर्कर्ज
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला, 20 दिसंबर 2025 :
हिमाचल पथ परिवहन निगम के निदेशक मंडल की 162 वीं बैठक में कर्मचारियों और परिवहन सेवाओं से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने निगम में जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (आईटी)के 171 पद भरने का निर्णय लिया गया।
इसी तरह 78 पीस मील वर्करों को कॉन्ट्रैक्ट पर लाने की मंजूरी दी गई। दो दिन चली बैठक में वेतन वृद्धि, नई भर्तियां, बस खरीद और निगरानी व्यवस्था को लेकर मंजूरी दी गई। डिप्टी सीएम ने शिमला में दोपहर बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि ड्राइवर-कंडक्टर रात में बसें लेकर जाते हैं और अपने घरों से दूर रहते हैं। ऐसे ड्राइवर-कंडक्टर को नाइट अलाउंस नहीं मिलता। 30 किलोमीटर से ज्यादा दूरी वालों को ही नाइट अलाउंस दिया जाता है। मगर अब यह सीमा हटाकर 30 किलोमीटर से कम दूरी वालों को भी नाइट अलाउंस मिलेगा।
राज्य सरकार की अधिसूचना के अनुरूप एचआरटीसी के दैनिक वेतन भोगी कर्मियों के मानदेय में 25 रुपए की वृद्धि को मंजूरी दी गई। इसके बाद, अब निगम के दैनिक भोगी कर्मचारियों का दैनिक दिहाड़ी 400 से बढक़र 425 हो गई है।
परिवहन निगम में दस हजार कर्मचारी अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उनमें से 9099 कर्मचारियों को ओपीएस में शामिल किया गया है। इन सभी कर्मचारियों को पहले एनपीएस के दायरे में लाया गया था। (SBP)
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →