सुखना झील का जलस्तर 1158.5 फीट पहुंचा, प्रशासन ने फ्लड गेट किए टेस्टिंग के लिए ओपन
बाबूशाही वब्यूरो
चंडीगढ़, 3 जुलाई: शहर में हुई भारी बारिश के बाद सुखना झील का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है। सोमवार को झील का जलस्तर 1158.5 फीट दर्ज किया गया, जो कि खतरे के निशान 1163 फीट से महज 4.5 फीट कम है। जलस्तर में यह वृद्धि एक दिन की बारिश के चलते लगभग एक फीट आंकी गई है।
परिस्थिति को देखते हुए चंडीगढ़ प्रशासन ने फ्लड गेट को कुछ समय के लिए परीक्षण के उद्देश्य से खोला, जिसे बाद में बंद कर दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह एक नियमित मानसूनी प्रक्रिया है और किसी भी आपात स्थिति से इसका कोई लेना-देना नहीं है।
प्रशासन की तैयारी पूरी
प्रशासन का कहना है कि हर साल मानसून के दौरान फ्लड गेट की कार्यक्षमता और पानी के बहाव की दिशा को जांचने के लिए यह टेस्टिंग की जाती है। इससे आपात स्थिति आने पर समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
अलर्ट पर प्रशासनिक टीमें
जलस्तर के लगातार बढ़ने को देखते हुए संबंधित विभागों को सतर्क कर दिया गया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में और बारिश की संभावना जताई जा रही है, जिससे झील के जलस्तर में और वृद्धि हो सकती है।
झील किनारे सुरक्षा बढ़ाई गई
प्रशासन ने झील के आसपास सुरक्षा प्रबंधों को कड़ा कर दिया है और लोगों से अपील की है कि वे झील के किनारे अनावश्यक रूप से न जाएं।
जलस्तर जैसे-जैसे खतरे के निशान के करीब पहुंच रहा है, प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है और हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →