मौसम अपडेट: हरियाणा के 12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, कई जगह तेज बारिश की चेतावनी
बाबूशाही ब्यूरो
चंडीगढ़, 6 जुलाई 2025: हरियाणा में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने राज्य के 12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में आज तेज बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है। अलर्ट वाले जिले हैं: पलवल, फरीदाबाद, गुरुग्राम, सोनीपत, पानीपत, करनाल, यमुनानगर, जींद, कैथल, फतेहाबाद, कुरुक्षेत्र और अंबाला। विभाग ने 10 जुलाई तक मौसम खराब रहने की संभावना जताई है।
तेज बारिश के आसार, तापमान में गिरावट
बीते दिनों दक्षिण की ओर खिसकी मानसूनी हवाएं अब उत्तर की ओर बढ़ने लगी हैं। इससे हरियाणा में तेज बारिश के आसार बन गए हैं। आगामी दिनों में अधिकतर इलाकों में तापमान में गिरावट आएगी और हवा में नमी बनी रहेगी।
सिरसा में तापमान में बढ़ोतरी, सामान्य से अधिक बारिश
चंडीगढ़ स्थित भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, पिछले 24 घंटों में सिरसा में अधिकतम तापमान में 2.3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है। अब तक प्रदेश में 89.6 मिमी बारिश हो चुकी है, जबकि सामान्य आंकड़ा 71.4 मिमी होता है। यानी अब तक हरियाणा में 25% अधिक बारिश दर्ज की गई है।
नारनौल और फतेहाबाद में बारिश से तबाही
शनिवार को महेंद्रगढ़ के नारनौल और फतेहाबाद में जोरदार बारिश हुई। नारनौल में जलभराव के चलते अनाज मंडी में गाड़ियां फंस गईं। कई स्थानों पर सड़कें टूट गईं और खेतों में फसलें पानी में डूब गईं। भारी बारिश से जन-जीवन प्रभावित हो रहा है।
चंडीगढ़ में राहत के साथ उमस भी जारी
चंडीगढ़ में बीते कुछ दिनों से आसमान में बादल छाए हुए हैं। बीच-बीच में हल्की बूंदाबांदी हो रही है, जिससे दिन में गर्मी से थोड़ी राहत मिलती है। शाम को ठंडी हवाएं भी चल रही हैं, लेकिन उमस भरी गर्मी लोगों को अभी भी परेशान कर रही है। पहाड़ों पर हो रही बारिश का असर चंडीगढ़ के मौसम पर भी नजर आ रहा है।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वह सावधानी बरतें, अनावश्यक यात्रा से बचें और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →