भर्ती घोटाले पर रणदीप सुरजेवाला का हमला: HPSC को बताया ‘हेराफेरी सर्विस कमीशन’, दोबारा भर्ती कराने की मांग
बाबूशाही ब्यूरो
चंडीगढ़, 6 जुलाई 2025:
हरियाणा में असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती घोटाले को लेकर राज्य की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने एक बार फिर हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) और मुख्यमंत्री नायब सैनी पर जोरदार हमला बोला है। सुरजेवाला ने HPSC को "हेराफेरी सर्विस कमीशन" बताते हुए इसे बर्खास्त करने और सभी भर्ती परीक्षाएं दोबारा निष्पक्ष तरीके से आयोजित करने की मांग की है।
मुख्य आरोप और तथ्य:
सुरजेवाला ने कहा कि असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती में 2019 के बाद कोई नियुक्ति नहीं हुई। अगस्त 2024 में HPSC ने 26 विषयों में 2,424 पदों के लिए आवेदन मांगे, जिस पर करीब 1.5 लाख युवाओं ने फॉर्म भरे।
लेकिन परीक्षाएं शुरू होते ही घोटाले और गड़बड़ियों का सिलसिला भी शुरू हो गया।
पेपर लीक और गलत प्रश्नों के आरोप:
29 मई 2025: पॉलिटिकल साइंस पेपर की सील टूटी मिली।
1 जून 2025: हिंदी विषय का पेपर लिया गया, जिसमें 6 लिफाफे खुले हुए मिले और 27 प्रश्न पूरी तरह गलत पाए गए।
HPSC ने शुरू में खामियों को नकारा, लेकिन भारी दबाव के चलते 3 जून को पेपर रद्द कर दिया।
ज्योग्राफी पेपर में नकल का आरोप:
8 जून 2025: आयोजित ज्योग्राफी पेपर में 26 सवाल बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) के पेपर से हूबहू लिए गए, जबकि 6 आंशिक रूप से कॉपी किए गए।
रणदीप ने सवाल उठाया कि क्या यह संयोग है कि HPSC के चेयरमैन आलोक वर्मा भी बिहार से हैं?
रिवाइज्ड आंसर की में भी गड़बड़ी:
HPSC ने 6 सही उत्तरों को गलत घोषित कर दिया।
10 प्रश्नों को बिना ठोस कारण के हटा दिया गया, जिनमें से 6 पूरी तरह वैध थे।
5 प्रश्नों में दो-दो वैध उत्तर होने के बावजूद इन्हें पूरी तरह से डिलीट कर दिया गया।
रणदीप का कहना है कि कुल 17 सवालों में जानबूझकर बदलाव और छेड़छाड़ की गई, जिससे पेपर की वैधता ही खत्म हो जाती है। साथ ही, उन्होंने कहा कि गलत उत्तरों पर नेगेटिव मार्किंग लागू है, जिससे हजारों प्रतिभाशाली युवा प्रभावित हुए हैं।
---
रणदीप सुरजेवाला की मांगे:
1. HPSC को तत्काल बर्खास्त किया जाए।
2. सभी असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षाएं दोबारा कराई जाएं।
3. घोटाले की न्यायिक जांच करवाई जाए।
4. प्रश्नपत्र प्रणाली की पारदर्शिता के लिए एक्सपर्ट ग्रुप गठित किया जाए।
5. लापरवाही और घालमेल में शामिल अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई हो।
रणदीप सुरजेवाला ने भर्ती घोटाले को हरियाणा के लाखों युवाओं के साथ किया गया बड़ा विश्वासघात करार दिया है और भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए इसे "भर्ती जालसाजी पार्टी" कहा। उन्होंने दो टूक कहा कि जब तक न्यायिक जांच नहीं होती और भर्ती प्रक्रिया दोबारा नहीं होती, तब तक युवाओं को न्याय नहीं मिलेगा।
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →