Trump ने पांच और देशों पर लगाया Travel Ban; अमेरिका में घुसने पर लगाई सख्त रोक
Babushahi Bureau
वॉशिंगटन/नई दिल्ली, 17 दिसंबर: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने अपनी आप्रवासन नीति को और सख्त करते हुए मंगलवार को एक बड़ा फैसला लिया है। ट्रंप प्रशासन ने अपने यात्रा प्रतिबंध (Travel Ban) के दायरे को बढ़ाते हुए इसमें पांच और देशों को शामिल कर लिया है।
नए आदेश के मुताबिक, अब बुर्किना फासो, माली, नाइजर, साउथ सूडान और सीरिया के नागरिकों के अमेरिका में प्रवेश करने पर पूरी तरह रोक रहेगी। इसके अलावा, प्रशासन ने फलस्तीनी अथॉरिटी (Palestinian Authority) द्वारा जारी दस्तावेजों पर यात्रा करने वाले लोगों के भी अमेरिका आने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है।
वॉशिंगटन गोलीबारी के बाद लिया फैसला
यह सख्त कदम ऐसे समय उठाया गया है, जब हाल ही में वॉशिंगटन डीसी में नेशनल गार्ड्स (National Guards) के दो सैनिकों पर अफगानिस्तान मूल के एक व्यक्ति ने गोलीबारी की थी। इस घटना ने अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया है। सरकार का कहना है कि राष्ट्रीय सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए यह विस्तार जरूरी था।
12 देशों पर प्रतिबंध लगाया था
इससे पहले जून में, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 12 देशों के नागरिकों पर अमेरिका आने पर प्रतिबंध लगाया था और सात अन्य देशों के लोगों पर कई पाबंदियां लगाई थीं। अपने पहले कार्यकाल के दौरान भी ट्रंप ने इस तरह की नीति अपनाई थी।
जिन 12 देशों पर यात्रा प्रतिबंध लगाया गया था, उनमें अफगानिस्तान, म्यांमार, चाड, रिपब्लिक ऑफ कांगो, इक्वेटोरियल गिनी, इरिट्रिया, हैती, ईरान, लीबिया, सोमालिया, सूडान और यमन शामिल थे और बुरुंडी, क्यूबा, लाओस, सिएरा लियोन, टोगो, तुर्कमेनिस्तान और वेनेजुएला के नागरिकों पर कड़ी पाबंदियां लगाई गई थीं।
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →