शहरी निकाय सम्मेलन में संस्कृति की अद्भुत छटा
मानेसर में सांस्कृतिक संध्या में लोक कलाओं ने मोहा मन
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, सीएम नायब सैनी और विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण रहे शामिल
बाबूशाही ब्यूरो
चंडीगढ़, 4 जुलाई:
गुरुग्राम के मानेसर में आयोजित शहरी स्थानीय निकायों के अध्यक्षों के राष्ट्रीय सम्मेलन के तहत वीरवार देर शाम एक भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण, मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, आरती सिंह राव और अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत पंडित चेतन जोशी द्वारा निर्देशित गंधर्व वाद्य संगीत से हुई, जिसमें पारंपरिक भारतीय वाद्य यंत्रों के माध्यम से दिव्य संगीत प्रस्तुत किया गया। हरियाणवी लोक संगीत के साथ इस संयोजन ने सभागार में बैठे श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इसके बाद मोंटी शर्मा पार्टी द्वारा प्रस्तुत हरियाणवी लोक नृत्य ने दर्शकों को प्रदेश की लोक संस्कृति की जीवंत झलक दिखाई। तालियों की गड़गड़ाहट और दर्शकों की प्रतिक्रियाएं कलाकारों के प्रति सम्मान और प्रशंसा को दर्शा रही थीं।
कार्यक्रम की अंतिम प्रस्तुति संजय शर्मा एंड पार्टी द्वारा दी गई, जिसमें ‘भारत के रंग’ विषय पर एक कोरियोग्राफिक प्रस्तुति हुई। इसमें विभिन्न प्रदेशों की सांस्कृतिक विविधता को रंगों और भावों के माध्यम से दर्शाया गया। सभागार में उपस्थित सभी दर्शकों ने खड़े होकर तालियों से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
यह संपूर्ण आयोजन सूचना, लोक संपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग हरियाणा द्वारा आयोजित किया गया था, जो न केवल मनोरंजन बल्कि सांस्कृतिक एकता और विविधता का सुंदर उदाहरण भी बना।
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →