Big Breaking: राजस्थान के चूरू में IAF का फाइटर प्लेन क्रैश
Babushahi Bureau
9 जुलाई 2025 : राजस्थान के चूरू जिले के रतनगढ़ क्षेत्र के भानुदा गांव में बुधवार दोपहर एक विमान हादसे की खबर से हड़कंप मच गया। दोपहर करीब 12:40 बजे जोरदार धमाके की आवाज के साथ गांव के पास एक विमान क्रैश हो गया, जिससे आसपास के इलाके में धुएं और आग का गुबार फैल गया।
खेतों में गिरी प्लेन की बॉडी, चारों तरफ मलबा और आग
मौके पर मौजूद चश्मदीद प्रेम सिंह ने बताया कि विमान ने अचानक अपना नियंत्रण खो दिया और तेज आवाज के साथ खेतों में गिर गया। जमीन से टकराते ही विमान के छोटे-छोटे टुकड़े हो गए, और खेतों में आग लग गई। मलबा दूर-दूर तक फैल गया है।
शवों के टुकड़े बिखरे, सवारों की संख्या अब तक स्पष्ट नहीं
स्थानीय लोगों का कहना है कि विमान में कितने लोग सवार थे, इसकी फिलहाल कोई पुष्टि नहीं हो पाई है। हालांकि शवों के टुकड़े खेतों में बिखरे हुए देखे गए हैं, जिससे हादसे की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
पुलिस मौके पर रवाना, आधिकारिक पुष्टि बाकी
राजलदेसर थाना पुलिस को सूचना मिलते ही टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हो गई है। हालांकि पुलिस या प्रशासन की ओर से अभी तक इस हादसे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। मौके पर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। प्रशासन व एयरफोर्स से भी संपर्क साधा जा रहा है ताकि यह पता चल सके कि यह विमान किसका था और इसमें कौन सवार था।
MA
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →