हिमाचल में मानसूनी कहर: अब तक 1,200 से अधिक मकान क्षतिग्रस्त, 52 लोग लापता, 700 करोड़ का नुकसान
राजस्व मंत्री बोले – आपदा राहत कार्य युद्धस्तर पर जारी
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला, 09 जुलाई 2025 :
हिमाचल प्रदेश में लगातार जारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। प्रदेश भर में भारी बारिश, बादल फटने, भूस्खलन और बाढ़ की घटनाओं ने भारी तबाही मचाई है। अब तक 1,200 से अधिक कच्चे-पक्के मकान क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, जबकि 52 लोग अब भी लापता हैं। अकेले मंडी जिले में आपदा से 19 लोगों की मौत हो चुकी है।
राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने जानकारी दी कि इस मानसून सीजन में अब तक प्रदेश को लगभग 700 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं।
मंडी जिले में सबसे अधिक तबाही
मंडी जिला आपदा से सबसे अधिक प्रभावित हुआ है। यहां 466 मकान, 457 गौशालाएं और 92 दुकानें पूरी तरह या आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। इसके अलावा 466 मवेशियों की भी मौत हो गई है। 30 जून की रात बादल फटने की घटनाओं के बाद स्थिति और भी भयावह हो गई।
222 लोगों को सेना ने किया रेस्क्यू
सेना, NDRF और SDRF की टीमों ने अब तक 222 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है। आईटीबीपी के 26 जवानों की दो टीमें थुनाग क्षेत्र के झुगांध और ढनियार गांवों में पहुंची हैं, जो आपदा के बाद से पूरी तरह संपर्क से कट गए थे। करसोग में लापता ललित कुमार का शव आठ दिन बाद सतलुज नदी के पास बरामद हुआ।
मूलभूत सुविधाएं प्रभावित
आपदा के कारण प्रदेश में 202 सड़कें, 217 बिजली ट्रांसफॉर्मर और 143 पेयजल योजनाएं अभी भी ठप पड़ी हैं। मंडी जिले में ही 291 जल योजनाएं बाधित हैं। प्रभावित क्षेत्रों में तेजी से पुनःस्थापना का कार्य चल रहा है।
मौसम पूर्वानुमान: 15 जुलाई तक बरसात का सिलसिला जारी रहेगा
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 9, 10, 13, 14 और 15 जुलाई को प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। 11 व 12 जुलाई को भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। अगले 4-5 दिनों में तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
बीते 24 घंटे में प्रमुख वर्षा रिकॉर्ड
नाहन: 70.0 मिमी
नंगल बांध: 36.0 मिमी
दौलाकुआं: 29.0 मिमी
देहरा गोपीपुर: 29.0 मिमी
ओलिंडा: 27.6 मिमी
आरएल बीबीएमबी: 21.0 मिमी
गोहर: 20.0 मिमी
रोहड़ू: 20.0 मिमी
राजस्व मंत्री ने कहा कि सरकार आपदा से प्रभावित लोगों के साथ खड़ी है और राहत व पुनर्निर्माण के कार्य प्राथमिकता पर किए जा रहे हैं। (SBP)
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →