कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी अस्पताल में भर्ती, जानें कारण
महक अरोड़ा
16 जून 2025 : कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की तबीयत एक बार फिर अचानक बिगड़ गई है। पेट से जुड़ी समस्या के चलते उन्हें रविवार रात दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और डॉक्टरों की एक टीम उनकी निगरानी कर रही है।
रात 9:10 बजे पहुंचीं अस्पताल, तुरंत किया गया भर्ती
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, सोनिया गांधी रविवार रात 9:10 बजे गंगाराम अस्पताल पहुंचीं, जिसके बाद उन्हें तुरंत भर्ती कर लिया गया। उनका इलाज गैस्ट्रोइंटेरोलॉजी सर्जरी विभाग के विशेषज्ञ डॉ. एस. नंदी की देखरेख में चल रहा है। डॉक्टरों ने उन्हें कुछ जरूरी मेडिकल जांचों के लिए ऑब्जर्वेशन में रखा है।
पहले भी बिगड़ी थी तबीयत, शिमला में कराया गया था भर्ती
बता दें कि इससे पहले 7 जून को भी सोनिया गांधी की तबीयत बिगड़ गई थी। उस समय वे शिमला में थीं और वहां उन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। इसके बाद जब वह दिल्ली लौटीं, तो उन्हें नियमित जांच के लिए गंगाराम अस्पताल लाया गया था।
अभी डॉक्टरी निगरानी में, स्थिति स्थिर
गंगाराम अस्पताल के सूत्रों के अनुसार, सोनिया गांधी की हालत अभी स्थिर है और डॉक्टरों की टीम उनकी सेहत पर लगातार नजर रख रही है। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि उन्हें अस्पताल में कितने दिन तक रखा जाएगा। अस्पताल की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है।
MA
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →