PM Modi ने Putin के सामने किया बड़ा ऐलान! रूसी नागरिकों को मिला 'खास तोहफा', जानें बैठक की बड़ी बातें
Babushahi Bureau
नई दिल्ली, 5 दिसंबर, 2025 : भारत दौरे पर आए रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) के बीच शुक्रवार को हैदराबाद हाउस में ऐतिहासिक 23वीं वार्षिक शिखर वार्ता संपन्न हुई। इस हाई-प्रोफाइल बैठक में दोनों नेताओं ने रक्षा, ऊर्जा और व्यापार पर चर्चा करते हुए अपने रिश्तों को 'ध्रुव तारे' जैसा अटल बताया।
पीएम मोदी ने रूसी नागरिकों के लिए वीजा नियमों में बड़ी ढील देते हुए 30 दिनों के 'ई-टूरिस्ट वीजा' (E-Tourist Visa) और 'ग्रुप टूरिस्ट वीजा' का ऐलान किया। वहीं, राष्ट्रपति पुतिन ने भारत के सबसे बड़े न्यूक्लियर प्लांट (Nuclear Plant) के निर्माण में सहयोग देने की बात कहकर दोस्ती को और मजबूत किया।
PM मोदी के संबोधन की 7 बड़ी बातें
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी (Strategic Partnership) के 25 साल पूरे होने पर खुशी जताई:
1. दोस्ती की मिसाल: पीएम ने कहा, "विश्व में मानवता को कई संकटों से गुजरना पड़ा, लेकिन भारत-रूस की मित्रता ध्रुव तारे की तरह बनी रही।"
2. वीजा गिफ्ट: रूसी नागरिकों के लिए 30 दिन के ई-टूरिस्ट और ग्रुप वीजा की शुरुआत की घोषणा की गई।
3. आर्थिक सहयोग: भारत-रूस आर्थिक सहयोग कार्यक्रम को 2030 तक जारी रखने पर सहमति बनी।
4. यूक्रेन पर रुख: पीएम ने साफ कहा कि भारत शुरू से ही यूक्रेन (Ukraine) मुद्दे पर शांति और स्थायी समाधान का पक्षधर रहा है।
5. आतंकवाद: मोदी ने कहा, "पहलगाम हो या क्रोकस सिटी हॉल, आतंकवाद मानवता पर प्रहार है और इसके खिलाफ वैश्विक एकता ही हमारी ताकत है।"
6. नए कन्सुलेट: रूस में भारत के दो नए कन्सुलेट खुलने से नजदीकियां बढ़ेंगी।
7 आभार: पीएम ने पुतिन के नेतृत्व और भारत के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता के लिए उनका आभार जताया।
पुतिन ने खोले पत्ते, कही ये 7 बड़ी बातें
रूसी राष्ट्रपति ने भी भारत के विकास में हर संभव मदद का भरोसा दिलाया:
1. न्यूक्लियर पावर: पुतिन ने बताया कि रूस भारत के सबसे बड़े न्यूक्लियर प्लांट के प्रोजेक्ट पर काम कर रहा है। 6 में से 3 रिएक्टर नेटवर्क से जुड़ चुके हैं।
2. ऊर्जा सहयोग: उन्होंने कहा, "हम तेल, गैस (Oil and Gas) जैसी वो सभी चीजें देने को तैयार हैं जो भारत के विकास के लिए जरूरी हैं।"
3. मजबूत रिश्ते: पुतिन ने कहा कि हमारे आपसी संबंध आर्थिक समेत हर क्षेत्र में मजबूत हो रहे हैं।
4. रुपये में व्यापार: उन्होंने खुशी जताई कि दोनों देशों के बीच रुपये (Rupee) में व्यापार का दायरा बढ़ा है।
5. भारतीय सिनेमा: पुतिन ने कहा कि रूस में भारतीय सिनेमा को काफी पसंद किया जाता है।
6. आत्मनिर्भर नीति: उन्होंने कहा कि भारत और रूस स्वतंत्र और आत्मनिर्भर विदेश नीति (Foreign Policy) का संचालन कर रहे हैं।
7. तकनीक और निवेश: रूस, भारत के साथ ट्रेन, निवेश और तकनीक को लेकर बातचीत आगे बढ़ा रहा है।
क्यों खास है यह मुलाकात?
यह बैठक ऐसे समय में हुई है जब अमेरिका (USA) एक तरफ यूक्रेन शांति समझौते पर जोर दे रहा है और दूसरी तरफ भारत पर रूस से तेल न खरीदने का दबाव बना रहा है। यह शिखर सम्मेलन दुनिया को यह संदेश देता है कि भारत अपनी शर्तों पर रिश्तों को संतुलित करना जानता है।
बैठक के बाद पुतिन एक बिजनेस इवेंट में हिस्सा लेंगे और शाम को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (President Droupadi Murmu) उनके सम्मान में डिनर होस्ट करेंगी।
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →