Goa Fire Incident : पकड़ा गया लूथरा ब्रदर्स का फरार साथी अजय गुप्ता, गोवा पुलिस ने दिल्ली से दबोचा
Babushahi Bureau
नई दिल्ली/पणजी, 10 दिसंबर, 2025: गोवा पुलिस को Birch by Romeo Lane नाइट क्लब अग्निकांड मामले में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मंगलवार को दिल्ली से नाइट क्लब के चार मालिकों में से एक, अजय गुप्ता (Ajay Gupta) को हिरासत में ले लिया है। बता दे कि इस भीषण हादसे में 25 लोगों की जान चली गई थी, जिसके बाद से ही आरोपी फरार चल रहे थे। अजय गुप्ता इस मामले में पकड़े जाने वाले छठे आरोपी हैं। वह मुख्य आरोपी लूथरा बंधुओं (Luthra Brothers) के पार्टनर हैं।
पुलिस घर पहुंची तो नहीं मिला आरोपी
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अजय गुप्ता और एक अन्य मालिक सुरिंदर कुमार खोसला के खिलाफ पहले ही लुक आउट सर्कुलर जारी किया गया था, ताकि वे देश छोड़कर न भाग सकें। जब पुलिस की टीम अजय गुप्ता को पकड़ने के लिए उनके दिल्ली स्थित आवास पर पहुंची, तो वह वहां से गायब मिले।
इसके बाद उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही थी और आखिरकार उन्हें दिल्ली से दबोच लिया गया। अब औपचारिक कार्रवाई पूरी होने के बाद उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर गोवा लाया जाएगा।
लूथरा ब्रदर्स पर कसता शिकंजा: बैंकॉक भागने का शक
वहीं, इस हादसे के मुख्य आरोपी और नाइट क्लब के मालिक—सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा—अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। दिल्ली के रहने वाले ये दोनों कारोबारी गोवा में कई लग्जरी नाइट क्लब (Luxury Night Clubs) चलाते हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसे के तुरंत बाद लूथरा बंधु बैंकॉक भागने में सफल हो गए थे। अब गोवा पुलिस और केंद्र सरकार इंटरपोल (Interpol) के जरिए उनके खिलाफ 'ब्लू कॉर्नर नोटिस' (Blue Corner Notice) जारी करवाने की प्रक्रिया में हैं, ताकि उनकी लोकेशन और गतिविधियों का पता लगाया जा सके।
इसके बाद रेड कॉर्नर नोटिस और प्रत्यर्पण की कार्रवाई भी शुरू की जाएगी।
पटाखों ने ली थी 25 लोगों की जान
यह दर्दनाक हादसा 6-7 दिसंबर की दरमियानी रात को हुआ था। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण सिलेंडर ब्लास्ट बताया गया था, लेकिन बाद में खुलासा हुआ कि आग परिसर में रखे पटाखों की वजह से भड़की थी।
घटना के बाद गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत (CM Pramod Sawant) ने मौके का दौरा कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इस घटना ने देशभर में नाइट क्लबों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →