Punjab Weather : 8 जिलों में शीतलहर का Alert! जानें आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?
Babushahi Bureau
चंडीगढ़/जालंधर, 10 दिसंबर, 2025: पंजाब और चंडीगढ़ में ठंड ने अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है। हिमालय के पास बने एक पश्चिमी विक्षोभ और पहाड़ी इलाकों से आ रही बर्फीली हवाओं के चलते पूरे क्षेत्र में शीत लहर का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आज राज्य के 8 जिलों में 'येलो अलर्ट' (Yellow Alert) जारी किया है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा, फरीदकोट, जालंधर, मोगा, मानसा और फिरोजपुर में शीत लहर चलने की संभावना है। ऐसे बदलते मौसम में वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
11 दिसंबर को आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन आज और 12 दिसंबर को दिल्ली-अंबाला और अंबाला-अमृतसर हाईवे पर मौसम साफ रहने की उम्मीद है। चंडीगढ़ प्रशासन ने पहले ही नागरिकों के लिए हेल्थ एडवाइजरी जारी कर दी है।
आदमपुर सबसे ठंडा, रोपड़-गुरदासपुर में ठिठुरन
राज्य में ठंड का सबसे ज्यादा असर आदमपुर (Adampur) में देखने को मिला, जहां न्यूनतम तापमान गिरकर 2.8°C रिकॉर्ड किया गया। वहीं, बठिंडा में अधिकतम तापमान (Maximum Temperature) 28.3°C रहा। पटियाला को छोड़कर पंजाब के लगभग सभी जिलों में रात का पारा 10°C से नीचे लुढ़क चुका है। रोपड़ में तापमान 3.6°C, गुरदासपुर में 3.8°C, पठानकोट में 5.6°C और बठिंडा में 5.8°C दर्ज किया गया। चंडीगढ़ में भी 0.3°C की गिरावट के साथ तापमान 8.6°C पर पहुंच गया है।
चंडीगढ़ की हवा पंजाब से ज्यादा जहरीली
ठंड के साथ-साथ प्रदूषण ने भी लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। हैरान करने वाली बात यह है कि पंजाब के मुकाबले चंडीगढ़ की हवा ज्यादा खराब स्थिति में है। सुबह 6 बजे चंडीगढ़ के सेक्टर-22 का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 212 दर्ज किया गया, जो 'खराब' श्रेणी में आता है। वहीं, पंजाब का औसत AQI 89 रहा। हालांकि, मंडी गोबिंदगढ़ में AQI 207, जालंधर और खन्ना में 142 और लुधियाना में 107 दर्ज किया गया है।
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →