दिल्ली से हुआ हरियाणा में भाजपा के तीन जिला कार्यालयों का उद्घाटन
राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री नायब सैनी, प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने रिमोट दबाकर वचुअर्ली किया उद्घाटन
हमारे कार्यालय संस्कार के केंद्र : जेपी नड्डा
*मुख्यमंत्री नायब सैनी ने भाजपा कार्यालय की भूमिका को राष्ट्र निर्माण में बताया महत्वपूर्ण*
बाबूशाही ब्यूरो
चंडीगढ़, 6 जुलाई। हरियाणा में भाजपा के तीन जिला कार्यालयों झज्जर, कुरूक्षेत्र और सिरसा का उद्घाटन रविवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दिल्ली स्थित भाजपा के राष्टीय कार्यालय से वचुअर्ली किया। इस मौके पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली भी उपस्थित रहे। यहां श्री नड्डा ने दिल्ली के भी तीन भाजपा कार्यालयों का रिमोर्ट से उद्घाटन किया। झज्जर, कुरूक्षेत्र और सिरसा में भी जो कार्यक्रम आयोजित किए गए थे उनको वीडियो कांफ्रेस के माध्यम से जोड़ा गया। तीनों जिलों के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली से नड्डा, नायब और बड़ौली के संबोधन को सुना।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने जनसंघ के संस्थापक डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर नमन करते हुए कहा कि आज हम एक वट वृक्ष के रूप में जिस भाजपा को देख रहे हैं इसके बीज डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने रख दिए थे। उन्होंने कहा कि डा. मुखर्जी बहु आयामी प्रतिभा के मालिक थे। 33 वर्ष की उम्र में कलकता यूनीवर्सिटी के वाइस चांसलर बने और लगभग 36 वर्ष की उम्र डा. मुखर्जी विधानसभा पहुंच गए थे। श्री नड्डा ने कहा कि डा. मुखर्जी कभी पद से चिपक कर नहीं रहे, लेकिन वे जीवन भर विचारों से चिपके रहे। उन्होंने कभी विचारों के साथ समझौता नहीं किया। श्री नड्डा ने कहा कि देश श्यामा प्रसाद मुखर्जी का ऋणी है और इसलिए ऋणी है कि आज हम पश्चिम बंगाल और नार्थ ईस्ट को देख रहे हैं वो डा. मुखर्जी के प्रयासों से ही बचा पाए।
श्री नड्डा ने कहा कि डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का ओज से भरा हुआ व्यक्तित्व था। डा. मुखर्जी नेहरू कैबिनेट के सदस्य थे, लेकिन वे जवाहर लाल नेहरू की तुष्टिकरण की नीति के खिलाफ थे। डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को लगा कि आजादी के साथ-साथ देश को कमजोर करने की साजिशे शुरू हो गई है, इसलिए उन्होंने त्याग पत्र दे दिया। डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने जम्मू कश्मीर में धारा 370 का विरोध किया। डा. मुखर्जी ने 23 जून 1953 को अंतिम सांस ली। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ता डा. मुखर्जी के बताए मार्ग पर चलें यही उनके लिए सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
श्री नड्डा ने कहा कि 9 जून को मोदी सरकार के 11 साल पूरे हुए हैं। मोदी सरकार के ये 11 साल बेमिसाल रहे हैं और से स्वर्णिम अक्षरों में लिखने वाले वर्ष हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसेवा, साधना और समर्पण के साथ-साथ कार्यों को सिद्धि तक पहुंचाया है। प्रधानमंत्री मोदी का संकल्प अड़िग रहा है और नीयत जनसेवा की होती है। उन्होंने कहा कि जब हम सेवा की बात करते हैं तो सेवा हमारा कोई श्लोगन नहीं है। सेवा हमारे जीवन के कार्य करने की पद्धति का हिस्सा है। कोरोना महामारी के दौरान बड़े-बड़े राजनीतिक पार्टियों के नेता या तो क्वारनटाइम में चले गए या फिर आईसीयू में, लेकिन हमारे कार्यकर्ताओं ने सेवा ही संगठन के मंत्र पर चलते हुए करोड़ों लोगों की सेवा की।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में अब भारत न्यू नॉर्मल हो गया है। नया नार्मल कि अब भारत दुश्मन को तुरंत जवाब देता है। पुलवामा की घटना होती है तो तो मोदी कहते हैं कि दुश्मनों ने बहुत बड़ी गलती कर दी, इसका हिसाब किताब दिया जाएगा। पहलगाम घटना पर पीएम मोदी ने कहा था कि अब कल्पना से बाहर इसका जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में हमारी सेना ने ऑप्रशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान के मिलिट्री बेस, ट्रेनिंग सेंटर और 9 स्थानों को ध्वस्त कर दिया। श्री नड्डा ने का कि सेवा, सुरक्षा और सुशासन का परिणाम है कि आज भारत की इकोनॉकी चौथे स्थान पर दस्तक दे रही है।
श्री नड्डा ने कहा कि कार्यालयों की उत्पति ऐसे ही नहीं हुई। 2014 में नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने तब हमने हर जिले में कार्यालय बनाने का संकल्प लिया। हमने देश में 772 कार्यालय बनाने की योजना बनाई। उन्होंने कहा कि आज हमें खुशी है कि अब तक 582 भाजपा के कार्यालय बन चुके हैं और जल्द ही 150 कार्यालयों का काम भी पूरा हो जाएगा। भाजपा के कार्यालय वह स्थान होते हैं जहां हम नीतियों को चालना देते हैं। हमारे कार्यालय संस्कार के केंद्र हैं यहां संस्कारों को प्रतिपादित किया जाता है। पांच ‘‘क’’ पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि कार्यालय चलाने के लिए कार्यकर्ता, कार्यकारिणी, कार्यक्रम और कोष चाहिए। कार्यकर्ता से कार्यकारिणी, कार्यकारिणी से कार्यक्रम और कार्यक्रम से कोष, कोष से कार्यालय तक की व्यवस्था हम करते हैं। उन्होंने कहा कि हम सौभाग्यशाली हैं कि हम भाजपा के कार्यकर्ता हैं।
श्री नड्डा ने कहा कि डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने दो प्रधान, दो विधान, दो निशान का विरोध किया था। 2019 में पीएम मोदी की इच्छा शक्ति और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की रणनीति ने धारा 370 को धराशाही कर दिया। 11 जून 1989 में हमने पालमपुर में प्रस्ताव पारित किया था कि राम जन्मी भूमि का रास्ता प्रशस्त करेंगे, लंबी लड़ाई के बाद पीएम मोदी के कर कमलों से जनवरी 2024 में अयोघ्या में भव्य राम मंदिर बना। हम कभी अपने रास्ते से नहीं भटके और ना ही कोई समझौता किया।
श्री नड्डा ने कहा कि हम कैडर बेस पार्टी है। हमारी 973 जिला कमेटी है जो किसी भी पार्टी के पास नहीं है। 15 हजार 432 ब्लॉक में हमारा काम है। हमारा काम एक लाख 16 हजार शक्ति केंद्रों और 6 लाख 80 हजार बूथ अध्यक्षों के साथ हमारा काम है। उन्होंने कहा कि हमारी 13 राज्यो में विशुद्ध सरकार हैं। 6 राज्यों मे ंएनडीए की सरकार है। पांच राज्यों में तीसरी बार भाजपा की सरकार है। कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए उन्होंने कहा कि अब हमारी नजर तमिलनाडू, केरल और पश्चिम बंगाल पर है। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है।
बॉक्स
*हमारे कार्यकर्ता कार्यालयों में परिवार की तरह बैठ कर राष्ट्र निर्माण और जनसेवा का ताना बाना बुनते हैं : नायब सैनी*
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज का यह दिन हरियाणा और भाजपा की विकास यात्रा में एक स्वर्णिम अध्याय को जोड़ने वाला दिन है। उन्होंने कहा कि यह मात्र औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भाजपा को हर घर-घर तक पहुंचाने के संकल्प की सिद्धि का उत्सव है। श्री सैनी ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नड्डा द्वारा भाजपा कार्यालयों का उद्घाटन होना हमारे लिए गर्व की बात है। दिल्ली सहित हरियाणा के तीनों कार्यालयों के उद्घाटन अवसर पर श्री सैनी ने श्री नड्डा सहित सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने जनसंघ के संस्थापक एवं महान स्वतंत्रता सेनानी डा. श्यार्मा मुखर्जी को भी नमन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के कार्यालय केवल सीमेंट-कंक्रीट के भवन ही नहीं, बल्कि भाजपा के सेवा और संस्कार के मंदिर हैं। उन्होंने कहा कि ये वो शक्ति है जहां से अंत्योदय की साधना की जाती है। यह वो स्थान है जहां हमारे कार्यकर्ता एक परिवार की तरह बैठ कर राष्ट्र निर्माण और जनसेवा का ताना बाना बुनते हैं। मुझे खुशी है हमारे लिए कार्यालय कॉरपोरेट संस्कृति का प्रतीक नहीं है। हमारे कार्यालय कार्यकर्ताओं और समर्थकों के मान सम्मान और सपनों का केंद्र है। उन्होंने कहा कि एक समय था जब हम पेड़ों के नीचे, कार्यकर्ताओं के घरों और घर्मशालाओं में बैठकर मीटिंग करते थे। संसाधन कम थे, लेकिन राष्ट्र भक्ति का जज्बा था। आज हमारे ये कार्यालय कार्यकर्ताओं के त्याग और तप का परिणाम है।
नायब सैनी ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश अमृतकाल में प्रवेश कर चुका है। पीएम मोदी ने जो विकसित भारत का विजन दिया है ये कार्यालय विकसित राष्ट्र बनाने में मील का पत्थर साबित होंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास को जो मंत्र दिया है उसी पर चलते हुए हमारे कार्यकर्ता काम करेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और निष्ठा भाव से आज 14 करोड़ से अधिक भाजपा के सदस्य हैं।
नायब सैनी ने कहा कि हम ऐसे संगठन के कार्यकर्ता हैं जिनके लिए पहले राष्ट्र, दूसरे संगठन और तीसरे स्थान पर परिवार है। कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है कि केंद्र और हरियाणा में तीसरी बार जनता ने भाजपा की सरकार बनाई है। पीएम मोदी ने 11 वर्षों में गरीब व्यक्ति की चिंता की है। आज गरीब के घर तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है। नायब सैनी ने कहा कि यह समय हमारा है और आने वाला समय 2029 भी हमारा है। हमें रूकना नहीं है, थकना नहीं है, हमें घर-घर तक पहुंचना है और लोगों के दिलों को जीतना है। पीएम मोदी के विकसित भारत के संकल्प में विकसित हरियाणा का भी योगदान सुनिश्चित करना है।
बॉक्स --
*20 जिलों में कार्यालय पूरे, 2 जिलों के कार्यालयों का निर्माण कार्य अगस्त तक पूरा कर लिया जाएगा : मोहन लाल बड़ौली*
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने झज्जर, सिरसा और कुरूक्षेत्र में जिला भाजपा कार्यालय का उद्घाटन करने पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का आभार जताया। श्री बड़ौली ने कहा कि हरियाणा में 20 जिलों में भाजपा कार्यालयों बन चुके हैं और जल्द ही दो जिलों का निर्माण अगस्त तक पूरा कर लिया जाएगा।
मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि भाजपा के कार्यालय कार्यकर्ताओं के निर्माण का केंद्र होता है और यहां से कार्यकर्ता संस्कार लेकर जाएंगे और पार्टी को मजबूत करने का काम करेंगे। श्री बड़ौली ने नायब सरकार की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश के विकास और सुशासन व जनसेवा की मिसाल कायम की है। मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में हरियाण में तेज गति से विकास के कार्य हो रहे हैं। श्री बड़ौली ने कहा कि भाजपा के कार्यालयों से हमारे कार्यकर्ता मोदी और नायब सरकार की गरीब कल्याण की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का काम करेंगे। श्री बड़ौली ने झज्जर, कुरूक्षेत्र और सिरसा जिलों के कार्यकर्ताओं का भी आभार जताया।
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →