हरियाणा में मौसम का मिजाज बदला, 7 मई तक बारिश और आंधी-तूफान के आसार; महेंद्रगढ़ सबसे गर्म
बाबूशाही ब्यूरो
चंडीगढ़, 5 मई: हरियाणा में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने सोमवार और मंगलवार (6-7 मई) को राज्यभर में तेज बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है। रविवार को भी कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। प्रदेश में औसतन तापमान सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस नीचे आ गया है। इस बीच, महेंद्रगढ़ जिले में पारा 37.5 डिग्री तक पहुंचा, जो राज्य में सबसे अधिक रहा।
बारिश का अलर्ट जारी, 13 जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार को पूरे हरियाणा में बारिश की संभावना है। खासकर पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में भारी बारिश के आसार हैं। करनाल, कुरुक्षेत्र, कैथल, पानीपत और सोनीपत में मध्यम बारिश हो सकती है। अन्य जिलों में 20-25 फीसदी बारिश की संभावना जताई गई है। विभाग ने पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर के लिए चेतावनी जारी की है, वहीं 13 जिलों को येलो अलर्ट पर रखा गया है। छह जिलों को ग्रीन जोन में रखा गया है।
7 मई तक बना रहेगा मौसम का उतार-चढ़ाव
विभाग के अनुसार, 7 मई तक हरियाणा में मौसम परिवर्तनशील रहेगा। इस दौरान दो पश्चिमी विक्षोभ के असर से बादल छाए रहेंगे और उत्तर-पूर्वी हवाएं चलेंगी। हल्की से मध्यम बारिश के साथ कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हो सकती है। इसके चलते तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।
चंडीगढ़ में भी बदला मौसम का मिजाज
रविवार को चंडीगढ़ में सुबह तेज बारिश और बिजली की चमक के साथ दिन की शुरुआत हुई। दोपहर तक हल्की बूंदाबांदी और ठंडी हवाएं चलती रहीं। हालांकि बाद में धूप निकलने से तापमान फिर बढ़ गया। रविवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री रहा, जबकि सोमवार सुबह का तापमान 25 डिग्री के पार दर्ज किया गया। ठंडी हवाओं के चलते सुबह और शाम का मौसम सुहावना बना हुआ है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →