सांसद सतनाम संधू ने अश्विनी शर्मा को पंजाब भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने के फैसले का किया स्वागत
चंडीगढ़। पंजाब भाजपा में संगठनात्मक मजबूती की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए पार्टी ने पठानकोट से विधायक अश्विनी कुमार शर्मा को प्रदेश का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया। इस फैसले का स्वागत करते हुए राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू ने कहा कि यह निर्णय समय की मांग भी था और संगठन के हित में बेहद जरूरी भी।
संधू ने भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा,"अश्विनी कुमार शर्मा एक समर्पित, अनुशासित और ज़मीन से जुड़े हुए नेता हैं। उनमें संगठन को एकजुट रखने और हर स्तर पर संवाद स्थापित करने की असाधारण क्षमता है। उनकी नियुक्ति से कार्यकर्ताओं का हौसला और भरोसा दोनों बढ़ेगा।"
सांसद संधू ने कहा कि पंजाब जैसे संवेदनशील और विविधतापूर्ण राज्य में नेतृत्व की जिम्मेदारी बेहद गंभीर होती है, और अश्विनी शर्मा इसके लिए उपयुक्त चेहरा हैं।"वो न केवल जनता के मुद्दों को समझते हैं, बल्कि पार्टी की नीतियों को आम लोगों तक प्रभावशाली ढंग से पहुंचाने में भी सक्षम हैं।"
संगठन के भीतर मिली व्यापक सराहना
संधू ने कहा कि अश्विनी शर्मा की नियुक्ति से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा आई है और पार्टी में एक सकारात्मक माहौल बना है। उन्होंने इसे पंजाब भाजपा के लिए "संघटनात्मक पुनर्जागरण" का अवसर बताया।
"यह फैसला न सिर्फ संगठनात्मक रूप से अहम है, बल्कि यह पंजाब में भाजपा की चुनावी रणनीति का भी संकेत है। शर्मा के नेतृत्व में पार्टी गांव से शहर तक, बूथ से विधानसभा तक एक मज़बूत नेटवर्क खड़ा करेगी," संधू ने जोड़ा।
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →