बड़ी खबर : दुबई में भारतीय अरबपति बलविंदर सिंह साहनी को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 5 साल की सजा
महक अरोड़ा
दुबई की कोर्ट ने भारतीय अरबपति और प्रॉपर्टी मैनेजमेंट फर्म के संस्थापक बलविंदर सिंह साहनी को मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में दोषी पाए जाने पर 5 साल की सजा सुनाई है। इसके अलावा, उन्हें 150 मिलियन दिरहम (लगभग ₹344 करोड़) की राशि जब्त करने और 5 लाख दिरहम (लगभग ₹1.14 करोड़) का जुर्माना भरने का आदेश दिया गया है। दुबई में सजा पूरी करने के बाद उन्हें देश से डिपोर्ट भी किया जाएगा।
कैसे किया था मनी लॉन्ड्रिंग का फर्जीवाड़ा?
बलविंदर साहनी ने एक आपराधिक गैंग के साथ मिलकर शेल कंपनियों के जरिए मनी लॉन्ड्रिंग की थी। उन्होंने फर्जी कंपनियां स्थापित कीं और करीब 150 मिलियन दिरहम (लगभग ₹344 करोड़) का हेरफेर किया। इसके अलावा, जांच में कई संदिग्ध वित्तीय लेन-देन भी सामने आए हैं। इसी आधार पर उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क चलाने का दोषी पाया गया।
अदालत ने न केवल साहनी को सजा सुनाई, बल्कि उनके सभी फंड्स और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसेज भी जब्त कर लिए गए हैं। साथ ही, सजा पूरी होने के बाद उन्हें दुबई से डिपोर्ट करने का आदेश भी दिया गया है।
कई अन्य आरोपी भी दोषी ठहराए गए
साहनी के साथ उनके बेटे और 32 अन्य आरोपियों को भी सजा दी गई है। कुछ आरोपियों पर उनके अनुपस्थिति में मुकदमा चलाया गया, जिनमें से कई को हल्की सजा जैसे एक साल की जेल और AED 200,000 का जुर्माना हुआ। इसके अलावा, तीन कंपनियों पर AED 50 मिलियन का जुर्माना भी लगाया गया है। कुछ आरोपी अभी भी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।
कौन हैं बलविंदर सिंह साहनी?
बलविंदर सिंह साहनी, जिन्हें दुबई में 'अबू सबा' के नाम से भी जाना जाता है, भारतीय नागरिक हैं और उनका बिजनेस यूएई, अमेरिका और भारत समेत कई देशों में फैला हुआ है। वह RSG ग्रुप के चेयरमैन रह चुके हैं और उनकी प्रॉपर्टी मैनेजमेंट फर्म दुनियाभर में सेवाएं देती है। 1972 में कुवैत में जन्मे बलविंदर ने अपने बिजनेस की शुरुआत वाहनों के स्पेयर पार्ट्स बेचने से की थी और बाद में रियल एस्टेट सेक्टर में कदम रखा। अनुमान के मुताबिक, उनकी संपत्ति करीब 2 अरब डॉलर के आसपास है।
महंगे लाइफस्टाइल के लिए प्रसिद्ध
साहनी अपनी लग्जरी लाइफस्टाइल के लिए अक्सर चर्चा में रहते हैं। उन्हें नंबर 9, नीला रंग और लग्जरी कारों का शौक है। 2016 में, उन्होंने 'D5' नंबर प्लेट को 33 मिलियन दिरहम (₹75 करोड़) में खरीदा था, जो उस समय की सबसे महंगी नंबर प्लेट थी। इसके अलावा, बुरी नजर से बचने के लिए उन्होंने काली बुगाती कार खरीदी थी, जिसका खुद साहनी ने खुलासा किया था।
MA
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →